Thursday, October 29, 2026

कासगंज मे देर रात इंजीनियर को दो पुलिसकर्मियो ने रोका, बाइक के कागज चेक किए... फिर मांगे रुपये, विरोध पर जड़ दिए कई थप्पड़

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 16, 2026

कासगंज मे देर रात इंजीनियर को दो पुलिसकर्मियो ने रोका, बाइक के कागज चेक किए... फिर मांगे रुपये, विरोध पर जड़ दिए कई थप्पड़

शराब के नशे में दो सिपाहियों पर मारपीट और अभद्रता का आरोप, इंजीनियर की शिकायत पर सीओ सदर को जांच

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

जिले में जल जीवन मिशन में कार्यरत एक साइट इंजीनियर ने दो सिपाहियों पर शराब के नशे में रुपये मांगने, गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह को लिखित शिकायत देकर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी ने मामले की जांच सीओ सदर को सौंप दी है।

एटा जिले के मिरहची निवासी सौरभ सिंह जल जीवन मिशन में साइट इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने एसपी को दी शिकायत में बताया कि सात सितंबर की रात करीब 1:30 बजे वह अपनी साइट भिटौना-2 पर कास्टिंग का काम कराकर बाइक से कमरे पर लौट रहे थे। आरोप है कि आवास विकास चौकी पर तैनात सिपाही कपिल भारद्वाज और अंकित ने उन्हें बीएवी कॉलेज के पास रोक लिया।

शिकायत के अनुसार, दोनों सिपाहियों ने बाइक के कागजात चेक किए। कागजात सही मिलने के बाद भी उनसे रुपये की मांग की गई। इंजीनियर ने रुपये देने का विरोध किया तो आरोप है कि सिपाही कपिल भारद्वाज ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए कई थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद उन्हें जबरन चौकी ले जाने का प्रयास किया गया।

इंजीनियर का आरोप है कि दोनों सिपाही शराब के नशे में थे। घटना से आहत होकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराकर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच सीओ सदर को सौंपी है। अब जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.