Wednesday, October 28, 2026

तीन बार टंकण परीक्षा में फेल, कनिष्ठ लिपिक से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बने रेहान खान

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 17, 2026

तीन बार टंकण परीक्षा में फेल, कनिष्ठ लिपिक से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बने रेहान खान

जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)।

बरेली जनपद के मीरगंज तहसील में  मृतक आश्रित के रूप में कनिष्ठ लिपिक के पद पर नियुक्त रेहान खान लगातार तीन बार हिन्दी टंकण परीक्षा में अनुत्तीर्ण हो गए। इसके बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आदेश पर उन्हें कनिष्ठ लिपिक के पद से पदावनत कर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर नियुक्त किया गया है।

रेहान खान की नियुक्ति मृतक आश्रित के रूप में तहसील मीरगंज में कनिष्ठ लिपिक के पद पर पांच जुलाई 2021 को हुई थी। नियुक्ति के बाद शासन के निर्धारित प्रावधानों के तहत उन्हें हिन्दी टंकण परीक्षा उत्तीर्ण करनी थी। इसके लिए पहली टंकण परीक्षा 25 सितंबर 2023 को आयोजित हुई, जिसमें रेहान खान अनुत्तीर्ण रहे।

इसके बाद उन्हें दूसरा अवसर दिया गया। 21 जून 2024 को हुई दूसरी टंकण परीक्षा में भी वह सफल नहीं हो सके। तीसरी और अंतिम टंकण परीक्षा आठ सितंबर 2026 को आयोजित की गई, लेकिन इसमें भी वह अनुत्तीर्ण रहे।

लगातार तीन बार टंकण परीक्षा में असफल होने के बाद शासनादेश उत्तर प्रदेश कार्मिक अनुभाग-2 संख्या 01/2025/6/12/73/141/47-का-2-2024/T.C.IV (III), दिनांक 29 सितंबर 2025 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने 16 सितंबर 2026 को आदेश जारी करते हुए रेहान खान को कनिष्ठ लिपिक के पद से हटाकर चतुर्थ श्रेणी के पद पर नियुक्त कर दिया।

अन्य कर्मचारियों को भी परीक्षा के लिए अवसर

इसी क्रम में अन्य मृतक आश्रित कर्मचारियों को भी टंकण परीक्षा में असफल होने पर अवसर दिए गए हैं। राहुल कुमार और लक्ष्मी सक्सेना को हिन्दी टंकण परीक्षा के लिए तीसरा और अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। वहीं कंचित चौधरी और नेहा जोशी को द्वितीय अवसर दिया गया है। संबंधित कर्मचारियों को टंकण परीक्षा की तैयारी के लिए दो माह का समय प्रदान किया गया है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.