ओमकार गंगवार,मीरगंज(बरेली)
बरेली जनपद के मीरगंज चीनी मिल (फॉरएवर ग्लोबल एंटरप्राइजेज लिमिटेड) में गुरुवार को विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मिल परिसर में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
पूजा में चीनी मिल के यूनिट हेड विजयवीर सिंह एवं महेंद्र अग्रवाल ने जजमान के रूप में भाग लिया। शास्त्री कुलदीप शर्मा ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इस दौरान चीनी मिल के अधिकारी और कर्मचारी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में शामिल हुए तथा भगवान विश्वकर्मा से मिल की प्रगति, सुख-समृद्धि और कार्यों में सफलता की कामना की।
पूजा-अर्चना के समापन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें चीनी मिल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक यांत्रिक महेंद्र अग्रवाल, वरिष्ठ महाप्रबंधक गन्ना प्रदीप कुमार, महाप्रबंधक उत्पादन अभिषेक शर्मा, महाप्रबंधक लेखा जय गोपाल चावला समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान मिल परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।
बीडीएम पब्लिक स्कूल में श्रद्धा से मनाई गई विश्वकर्मा जयंती
बी.डी.एम. पब्लिक स्कूल मीरगंज जनपद बरेली में गुरुवार को विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसर में भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर विद्यालय में उपयोग होने वाली मशीनों एवं वाहनों की भी पूजा की गई तथा उनके सुरक्षित और सुचारु संचालन की कामना की गई।
विद्यालय के निदेशक अचल मिश्रा ने विश्वकर्मा जयंती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण, कौशल और तकनीकी दक्षता के प्रतीक हैं। उन्होंने सभी को अपने कार्य के प्रति निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।प्रधानाचार्या डॉ. चारु खन्ना ने भी सभी को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य को लगन, अनुशासन और कुशलता के साथ करना ही इस पर्व की सच्ची भावना है।
पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद वितरण किया गया। विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रदीप शर्मा, रोहित शर्मा, राजीव पांडेय और सुरेश शर्मा का विशेष सहयोग रहा।समस्त विद्यालय परिवार ने भगवान विश्वकर्मा से विद्यालय की प्रगति, सुख-समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना की।