कलेक्ट्रेट से गांवों तक रोशन हुए कार्यालय, घर, मंदिर और घाट, सोरों गंगा तट पर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया दीप प्रज्ज्वलन
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के प्रथम दिन जिले में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ करीब एक लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से कलेक्ट्रेट, विकास भवन समेत सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, घरों, मंदिरों और गंगा घाटों का वातावरण जगमगा उठा।
कलेक्ट्रेट सभागार, विकास भवन और शूकर क्षेत्र सोरों जी स्थित गंगा घाट सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
शूकर क्षेत्र सोरों जी में गंगा तट पर बड़ी संख्या में जलाए गए दीपों से घाट रोशनी से नहा उठे। मंदिरों और घाटों पर एक साथ जगमगाते दीपों ने श्रद्धा और सेवा संकल्प का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया। वहीं जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम हुए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक घरों, सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों और कार्यालयों में दीप जलाकर सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प का संदेश दिया गया। पहले दिन दीपों की रोशनी के बीच जिले में अभियान का आगाज हुआ और विभिन्न स्थानों पर उत्साह का माहौल दिखाई दिया।