जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)
बरेली जनपद के नगर पंचायत मीरगंज के मोहल्ला बनईया स्थित शिव मंदिर में सात दिनों से चल रहे गणेश महोत्सव का रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ विधि-विधान से समापन हुआ। सुबह गणपति महाराज की पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रद्धालुओं ने मंगलकामनाओं के साथ गणेश प्रतिमा की भव्य विसर्जन यात्रा निकाली। इस दौरान पूरा वातावरण गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंज उठा।
गणेश प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सजाकर ट्रैक्टर-ट्राली पर विराजमान किया गया। शिव मंदिर बनईया से शुरू हुई विसर्जन यात्रा स्टेशन रोड, सिरौली चौराहा और तहसील रोड होते हुए गांव कपूरपुर के पास स्थित बाबा कैलाश गिरी मढ़ी घाट पहुंची। यात्रा में श्रद्धालु डीजे की भक्तिमय धुनों पर झूमते नजर आए। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गणपति उत्सव की खुशियां साझा कीं और विघ्नहर्ता श्रीगणेश से सुख, समृद्धि और शांति की प्रार्थना की।
विसर्जन यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने गणेश प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए उनके जयकारे लगाए। धार्मिक उल्लास और भक्ति के इस माहौल से नगर का वातावरण गणेशमय नजर आया।
बाबा कैलाश गिरी मढ़ी घाट पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने रामगंगा तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंत्रोच्चार और गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के बीच गणेश प्रतिमा का रामगंगा में विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से गणपति महाराज के आगमन की कामना की।
विसर्जन यात्रा में सत्यवीर उर्फ बबलू, अभिषेक कुर्मी उर्फ जग्गू, दुष्यंत कुमार, रवि ठाकुर, ओमकार गंगवार, धर्मेंद्र गंगवार, हरनाम गंगवार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।