जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
बरेली जनपद के फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के शाही रोड स्थित पृथ्वीराज बैंक्विट हॉल के संचालक और भाजपा नेता जतिन चौहान ने चार लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला भिटौरा निवासी जतिन चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शाही रोड पर उनका बैंक्विट हॉल है। हॉल के बाहरी हिस्से में उनकी कई दुकानें भी बनी हुई हैं। आरोप है कि शनिवार देर शाम कस्बा निवासी उमेश पाठक अपने दोनों पुत्रों तुष्येंद्र पाठक और चमन पाठक तथा मोहल्ला भिटौरा निवासी आदित्य चौहान के साथ बैंक्विट हॉल पहुंचे।
जतिन चौहान का आरोप है कि वहां पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके साथ मारपीट की। विरोध करने पर एक आरोपी ने कथित तौर पर 315 बोर के तमंचे से उन पर फायर करने की कोशिश की। हालांकि तमंचे से गोली नहीं चली, जिससे वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपियों ने बैंक्विट हॉल में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की।
पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया है कि तुष्येंद्र पाठक शराब के नशे में था और उसने जानलेवा हमला किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी कई बार उनके साथ अभद्रता की जा चुकी है।
सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।