जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र के गांव सिसैया नगला में बधाई मांगने के दौरान मंगलामुखियों के दो गुटों में विवाद हो गया था। आरोप था कि एक गुट के लोगों ने दूसरे गुट के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। घटना में कार क्षतिग्रस्त करने और गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। मामले में पुलिस ने चार नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मोहल्ला केवल निवासी मंगलामुखी शिवांगी उर्फ चांदनी ने तहरीर देकर बताया कि 20 सितंबर को करीब 10:30 बजे वह अपने साथ रहने वाले शिष्यों के साथ बधाई मांगने सिसैया नगला गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान काजल उर्फ घनश्याम, अंकित उर्फ रिचा, नरेंद्र और सुनेना ने उनके शिष्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने उनकी इको कार में भी तोड़फोड़ कर दी। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी कार में सवार होकर मौके से चले गए।
पीड़िता की तहरीर पर गंजडुंडवारा पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(4), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।