जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के धार्मिक उल्लास के बीच सोमवार को कस्बे में भव्य धार्मिक झांकी निकाली गई। रविवार रात कंस वध लीला के बाद निकली झांकी में भगवान शिव शंकर, श्रीराम परिवार, भगवान गणेश, मां काली सहित अनेक देवी-देवताओं के दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। आस्था और भक्ति से सराबोर झांकी के दर्शन के लिए कस्बे के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
झांकी का शुभारंभ मेला मैदान से हुआ। धार्मिक स्वरूपों से सुसज्जित झांकी जैसे ही प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ी, वातावरण भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रुककर देवी-देवताओं के स्वरूपों के दर्शन किए और श्रद्धाभाव से नमन किया। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर झांकी का स्वागत किया। भगवान शिव, श्रीराम परिवार, गणेशजी और मां काली के स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
झांकी में शामिल कलाकारों ने धार्मिक प्रस्तुतियों और नृत्य के माध्यम से भगवान की लीलाओं तथा सनातन संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयघोष के बीच झांकी के आगे बढ़ने से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा नजर आया। श्रद्धालु धार्मिक स्वरूपों के दर्शन कर स्वयं को धन्य मानते रहे।
आयोजन को लेकर मेला कमेटी की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य पूरे मार्ग में व्यवस्था संभालते रहे। भीड़ को देखते हुए पुलिस भी सतर्क रही। मीरगंज चौकी प्रभारी पंकज गौतम और कांस्टेबल अंकुर सिरोही पुलिस बल के साथ मौजूद रहे तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बनाए रखी।
विभिन्न मार्गों से होकर झांकी वापस मेला मैदान पहुंची, जहां धार्मिक आयोजन का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति से ओतप्रोत इस भव्य झांकी का आनंद लिया।