जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)
राजेंद्र प्रसाद पीजी कॉलेज, मीरगंज(बरेली)के गृह विज्ञान विभाग की ओर से मंगलवार को रंगोली प्रतियोगिता और थाल सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और सज्जा कौशल का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक रंगोलियां और सुंदर ढंग से सजे थाल प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं में उत्साह नजर आया।
रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा को प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने रंगों के बेहतर संयोजन और रचनात्मक डिजाइनों से मनमोहक रंगोलियां सजाईं। प्रतियोगिता में संध्या और वर्षा की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्रांति और मुस्कान ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसी क्रम में आयोजित थाल सज्जा प्रतियोगिता में भी छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। विभिन्न सजावटी सामग्री और रचनात्मक तरीकों से सजे थाल आकर्षण का केंद्र रहे। प्रतियोगिता में शिवानी ने प्रथम, निशा ने द्वितीय और क्रांति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एसके सिंह के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. पारुल जैन, डॉ. ममता रंजन और डॉ. अपूर्वा सिंह शामिल रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया।
प्रतियोगिता के समापन पर प्रोफेसर विजय बहादुर सिंह बिष्ट ने विजेता छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास होता है।
कार्यक्रम में डॉ. एकता श्रीवास्तव और वीरेंद्र शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीलम राठौर ने किया। प्रतियोगिता के आयोजन से छात्राओं में उत्साह और सृजनात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ी।