29 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, 24 सितंबर को मतदेय स्थलों के सम्भाजन को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। कासगंज जनपद में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता के प्रावधान प्रभावी हो गए हैं।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी और इसी दिन से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गई है। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि नाम वापसी के लिए नौ अक्टूबर अंतिम तिथि रहेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और 31 अक्टूबर तक निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’ तथा आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में डॉ. आकाश अग्रवाल (वित्तविहीन वाले) का कार्यकाल छह दिसंबर 2026 को समाप्त होने के कारण दोनों सीटों पर द्विवार्षिक निर्वाचन कराया जा रहा है।
24 सितंबर को होगी राजनीतिक दलों के साथ बैठक
उधर, कासगंज जिले में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थलों के सम्भाजन को लेकर 24 सितंबर को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी के पत्र के अनुसार बैठक दोपहर 12:15 बजे रुद्राक्ष सभागार में आयोजित की जाएगी। इसमें दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित मतदेय स्थलों के सम्भाजन पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के अध्यक्ष और मंत्रियों से स्वयं अथवा अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से बैठक में समय से प्रतिभाग करने का अनुरोध किया है। निर्वाचन प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।