जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
फॉरएवर ग्लोबल एंटरप्राइजेज लिमिटेड, यूनिट मीरगंज (बरेली) में बुधवार को राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत संचालित 100 दिवसीय टीबी अभियान के अंतर्गत निःशुल्क टीबी एवं एक्स-रे जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज की ओर से किया गया।
शिविर का उद्घाटन इकाई प्रमुख विजयवीर सिंह, कारखाना प्रबंधक संजय कुमार सिंह और डॉ. आतिफ मसूद ने किया। इस दौरान कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक स्वास्थ्य जांच कराई। शिविर में कुल 60 कर्मचारियों की टीबी एवं एक्स-रे जांच की गई। चिकित्सकीय टीम ने कर्मचारियों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया और टीबी से बचाव तथा समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ महाप्रबंधक (गन्ना) प्रदीप कुमार, महाप्रबंधक (यांत्रिक) महेंद्र अग्रवाल, महाप्रबंधक (लेखा) जय गोपाल चावला, महाप्रबंधक (उत्पादन) अभिषेक शर्मा सहित कंपनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और उन्हें गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। इस तरह के स्वास्थ्य शिविर कर्मचारियों को समय पर बीमारी की पहचान कराने और उचित चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराने में सहायक हैं।