Wednesday, October 28, 2026

Kasganj: गणेश विसर्जन यात्राओं को लेकर पुलिस की दो टूक, शांति बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर; डीजे के ध्वनि मानकों की भी होगी निगरानी

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 23, 2026

Kasganj: गणेश विसर्जन यात्राओं को लेकर पुलिस की दो टूक, शांति बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर; डीजे के ध्वनि मानकों की भी होगी निगरानी

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

गंजडुंडवारा। गणेश विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों से पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा और नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार और कोतवाली प्रभारी चमन कुमार गोस्वामी ने बैठक में मौजूद लोगों की समस्याएं और सुझाव सुने। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि गणेश विसर्जन का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए। जुलूस एवं विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया जाए और ऐसा कोई कार्य न किया जाए, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित हो।

उन्होंने डीजे संचालकों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि का प्रयोग करने के निर्देश दिए। कहा कि तेज आवाज से बुजुर्गों, मरीजों और आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। पर्व के दौरान पुलिस की नजर सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर रहेगी।

कोतवाली प्रभारी चमन कुमार गोस्वामी ने कहा कि विसर्जन कार्यक्रम निर्धारित नियम-कायदों के अनुसार शांतिपूर्वक संपन्न कराया जाए। पुलिस प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने पूजा समितियों और नागरिकों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।

बैठक में मौजूद पूजा समितियों के पदाधिकारियों और संभ्रांत नागरिकों ने पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार की खुशियों में किसी तरह का व्यवधान न आए, इसके लिए सभी को जिम्मेदारी और संयम के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.