Thursday, October 29, 2026

कासगंज में किशोरी हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, चार गिरफ्तार; सवा लाख रुपये और जेवर के लालच में की हत्या

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 24, 2026

कासगंज में किशोरी हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, चार गिरफ्तार; सवा लाख रुपये और जेवर के लालच में की हत्या

दोस्तों के साथ मिलकर रची साजिश, दुपट्टे से गला दबाने के बाद चाकू से काटी गर्दन; निर्वस्त्र शव ट्यूबवेल की छत पर रखकर मिटाए साक्ष्य, नकदी-जेवर और मोबाइल बरामद

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

शहर के अशोकनगर में लाइन पार खेत में बने ट्यूबवेल की छत पर मिली 18 वर्षीय किशोरी की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी के पास मौजूद 1.35 लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर हड़पने के लिए आरोपियों ने उसकी हत्या की थी। वारदात के बाद शव को निर्वस्त्र हालत में ट्यूबवेल की छत पर रख दिया और साक्ष्य मिटाने के लिए उसके कपड़े, चप्पलें और बैग जला दिए। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 1,35,100 रुपये नकद, जेवर, मृतका का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल दुपट्टा और चाकू बरामद किया है। एसपी ओम प्रकाश सिंह ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस और एसओजी टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।


घटना 23 सितंबर की सुबह सामने आई थी। अशोकनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास फतेह सिंह के खेत में बने ट्यूबवेल की छत पर करीब 18 वर्षीय किशोरी का निर्वस्त्र शव पड़ा मिला था। उसकी गर्दन कटी हुई थी। बुधवार सुबह करीब सात बजे खेत के मालिक फतेह सिंह ट्यूबवेल पर पहुंचे तो शव देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में सीओ नगर आंचल चौहान और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। डीआईजी अलीगढ़ रेंज प्रभाकर चौधरी, एसपी ओपी सिंह और एएसपी सुशील कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए।

घर से करीब सवा किलोमीटर दूर मिला था शव

मृतका इसी क्षेत्र की रहने वाली थी और उसका घर घटनास्थल से करीब सवा किलोमीटर दूर था। परिजनों के मुताबिक, किशोरी मंगलवार रात घर से लापता हो गई थी। बुधवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में पुलिस को घटनास्थल पर खून के निशान नहीं मिले थे। ऐसे में आशंका जताई गई कि किशोरी की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को ट्यूबवेल की छत पर लाकर रखा गया। दुष्कर्म की आशंका समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की थी।

पांच टीमें गठित कर शुरू की गई जांच

पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की गईं। एएसपी सुशील कुमार के पर्यवेक्षण और सीओ नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और जनपदीय एसओजी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, मुखबिर की सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 24 सितंबर को अशोकनगर की पुरानी रेलवे क्रॉसिंग के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर नकदी, जेवर, मोबाइल फोन तथा हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद किया गया। इस मामले में कोतवाली कासगंज में मुकदमा अपराध संख्या 578/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 238 में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

आठ हजार रुपये उधार देने के बाद बनाई हत्या की योजना

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुख्य आरोपी समीर ने बताया कि मृतका की पिछले तीन-चार साल से अरसद से दोस्ती थी। इसकी जानकारी होने पर समीर ने भी करीब दो-तीन महीने पहले किशोरी से दोस्ती कर ली थी। समीर को रुपयों की जरूरत थी, इसलिए कुछ दिन पहले किशोरी ने उसे आठ हजार रुपये दिए थे।

पुलिस के अनुसार, किशोरी ने समीर को बताया था कि उसके घर में कमेटी के कुछ रुपये और जेवर उसकी मां के पास रखे हैं। यदि वह उसे अपने साथ ले जाएगा तो वह रुपये और जेवर लाकर उसे दे देगी। कथित तौर पर किशोरी ने यह भी कहा था कि यदि वह उसे साथ नहीं ले जाएगा तो उसे मुकदमे में फंसा देगी।

पुलिस का कहना है कि समीर ने रुपये और जेवर हड़पने तथा किशोरी से पीछा छुड़ाने के उद्देश्य से अपने दोस्तों अरसद, अमित और अरसलान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। चारों ने तय किया कि किशोरी जो रुपये और जेवर लेकर आएगी, उन्हें आपस में बराबर बांट लेंगे।

दुपट्टे से गला दबाया, चाकू से काटी गर्दन

पुलिस के अनुसार, साजिश के तहत किशोरी 1,35,100 रुपये और सोने-चांदी के जेवर लेकर पहुंची। इसके बाद चारों आरोपी उसे पास ही फतेह सिंह के खेत में ट्यूबवेल की चारदीवारी के अंदर बनी कोठरी के पास ले गए। वहां उसके गले में पड़े दुपट्टे से गला दबाकर उसे बेहोश कर दिया गया। इसके बाद समीर ने चाकू से उसकी गर्दन काट दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने किशोरी के कपड़े और हवाई चप्पलें उतार दीं। शव को ट्यूबवेल की कोठरी की छत पर दीवार के किनारे रख दिया। किशोरी जिस बैग में रुपये और जेवर लेकर आई थी, उसे भी आरोपियों ने अपने कब्जे में ले लिया। मोबाइल फोन से सिम निकालकर बैग, कपड़ों और चप्पलों को फतेह सिंह के खेत के पास पुरानी रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में आग लगाकर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर इन वस्तुओं को भी बरामद किया है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं

एसपी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद शव का डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया था। शुरुआती जांच में दुष्कर्म की आशंका समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अब स्पष्ट हुआ है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ था।

परिवार के लोगों पर भरोसा करें किशोरियां

एसपी ओम प्रकाश सिंह ने किशोरियों और उनके परिजनों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की लड़कियों को अपने परिवार के लोगों पर भरोसा करना चाहिए। नाबालिग लड़कियों को घर के कीमती सामान के मामले में बाहरी लोगों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार के लोगों के साथ संवाद बनाए रखना और किसी भी परेशानी में उनसे मदद लेना जरूरी है।

बाइक चोरी में पहले भी पकड़ा जा चुका है समीर

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी समीर को कुछ दिन पहले कासगंज कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। अब वह किशोरी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

1.35 लाख रुपये, जेवर और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर 1,35,100 रुपये नकद, पीली धातु की दो अंगूठियां और एक जोड़ी कानों के टॉप्स, सफेद धातु के दो हथफूल और एक जोड़ी पायल बरामद की है। इसके अलावा मृतका का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल दुपट्टा और चाकू भी बरामद किया गया है।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में समीर पुत्र शाहिल निवासी अशोकनगर मस्जिद वाली गली, थाना व जिला कासगंज, उम्र करीब 20 वर्ष; अमित पुत्र अमर सिंह निवासी इंडस्ट्रियल एरिया, इस्माइलपुर रोड, थाना व जिला कासगंज, उम्र करीब 18 वर्ष; अरसद पुत्र नसीम निवासी एचपी गैस एजेंसी के पीछे, मस्जिद वाली गली, थाना व जिला कासगंज, उम्र करीब 22 वर्ष; और अरसलान पुत्र अजमल निवासी तहसील रोड, गप्पू का चौराहा, थाना व जिला कासगंज, उम्र करीब 19 वर्ष शामिल हैं। चारों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस और एसओजी टीम को मिलेगा 25 हजार का इनाम

हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में कोतवाली कासगंज के प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र मय पुलिस टीम और एसओजी प्रभारी रितेश कुमार मय टीम शामिल रहे। एसपी ओम प्रकाश सिंह ने घटना का सफल अनावरण करने वाली थाना पुलिस और एसओजी टीम को पुरस्कार स्वरूप 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.