जागरण टुडे, मीरगंज (बरेली)
बरेली जनपद के मीरगंज तहसील क्षेत्र के गांब कुल्छा खुर्द स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर शुक्रवार को धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की ओर से विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ की पवित्र अग्नि के समक्ष श्रद्धालुओं ने आहुति देकर मां दुर्गा की आराधना की और परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
हवन के दौरान मंत्रोच्चार और धार्मिक वातावरण से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने यज्ञ की अग्नि में समर्पण भाव से आहुति देते हुए मां शेरावाली से परिवार में सुख-शांति, आरोग्य और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हवन में सहभागिता कर धार्मिक अनुष्ठान का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
ग्राम प्रधान राहुल मौर्य ने भी ग्रामीणों के साथ यज्ञ में विधि-विधान से आहुति दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ऐसे आयोजनों में सामूहिक सहभागिता से ग्रामीणों में एकता और धार्मिक चेतना मजबूत होती है।
हवन की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। मंदिर परिसर में मौजूद ग्रामीणों ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए और क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु मां शेरावाली की भक्ति में लीन नजर आए।