जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
ढोलना थाना क्षेत्र के नगला बिरहरा गांव में रात से हो रही लगातार बारिश के बीच शनिवार तड़के करीब चार बजे दो मकानों के लिंटर अचानक भरभराकर गिर गए। हादसे के समय दोनों मकानों में परिवार के सदस्य सो रहे थे। बारिश के दौरान मकानों में हलचल और गिरने की आहट सुनकर परिवार के लोग जाग गए और आनन-फानन में घरों से बाहर निकल आए। इससे बड़ा हादसा टल गया और परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। अचानक दो मकानों के लिंटर गिरने से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, नगला बिरहरा गांव में रात से लगातार बारिश हो रही थी। शनिवार तड़के करीब चार बजे अचानक रामप्रकाश पुत्र इतवारीलाल और भूरेलाल पुत्र भगवंत सिंह के मकानों के लिंटर भरभराकर गिर पड़े। हादसे के समय दोनों परिवारों के सदस्य घरों के अंदर सो रहे थे। बारिश के बीच मकानों में हलचल होने और लिंटर गिरने की आहट से उनकी नींद खुल गई। खतरे को भांपते हुए परिवार के लोग तत्काल घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में दोनों मकानों के लिंटर गिरने से घरों में रखा सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में दोनों मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है। घरों में रखा बक्सा, चारपाई, ड्रेसिंग टेबल समेत अन्य घरेलू सामान टूट गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी परिवार के सदस्य को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई। अचानक मकानों के लिंटर गिरने की घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही बारिश के चलते ग्रामीणों को अन्य मकानों के भी क्षतिग्रस्त होने का डर सता रहा है।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों का स्थलीय निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन कराने और उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।