Thursday, October 29, 2026

जौहर यूनिवर्सिटी का शैक्षिक योगदान महत्वपूर्ण, शिक्षा के क्षेत्र में आजम खान का प्रयास सराहनीय: अब्दुल हफीज गांधी

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 27, 2026

जौहर यूनिवर्सिटी का शैक्षिक योगदान महत्वपूर्ण, शिक्षा के क्षेत्र में आजम खान का प्रयास सराहनीय: अब्दुल हफीज गांधी

कासगंज के प्रतिनिधिमंडल ने रामपुर में तंजीम फातिमा और कुलपति प्रो. जहीरुद्दीन से की मुलाकात, शिक्षा की गुणवत्ता और भविष्य की योजनाओं पर हुई चर्चा

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज से पहुंचे एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को रामपुर में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान की पत्नी और पूर्व राज्यसभा सदस्य तंजीम फातिमा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर जहीरुद्दीन से भी मुलाकात कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षा की गुणवत्ता और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।


इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। समाज को शिक्षित करने के लिए देश के प्रत्येक क्षेत्र में ऐसे शैक्षिक संस्थानों की आवश्यकता है। शिक्षा के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य दिया जा सकता है। शिक्षा से बड़ी समाज सेवा का कोई दूसरा माध्यम नहीं है।


समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव प्रेम सिंह शाक्य ने कहा कि मोहम्मद आजम खान ने दूरदृष्टि के साथ मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की स्थापना और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज के प्रभावशाली और सक्षम लोगों को भी आगे आकर अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय जैसे शैक्षिक संस्थान स्थापित करने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिल सकें।


मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव राशिद अली ने कहा कि विश्वविद्यालय में वर्तमान में संचालित पाठ्यक्रमों के साथ भविष्य में नए और रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने की योजनाएं स्वागत योग्य हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण अवसरों का लाभ उठाएं और शैक्षिक संस्थानों को मजबूत बनाने में सहयोग करें।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी लगातार प्रगति करे और शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करे। यहां से बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश की सेवा करें। शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, समान अवसर और राष्ट्र निर्माण का आधार भी है। इसलिए समाज के सभी वर्गों को शिक्षा के प्रसार को प्राथमिकता देनी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव प्रेम सिंह शाक्य, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव राशिद अली, समाजसेवी कुतुब जामई, मुशीर अहमद अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.