जिलाध्यक्ष मनोज पांडे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने निकाल जुलूस, राष्ट्रपति के नाम सौंपा था ज्ञापन
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन करना जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनोज पांडे समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया। नदरई गेट स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से तहसील सदर तक जुलूस निकालने, सड़क पर आवागमन बाधित करने और प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व मुख्य चुनाव आयुक्त के प्रतीकात्मक पुतले फूंकने के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज पांडे समेत 17 नामजद और 25 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई सोरों गेट चौकी प्रभारी की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 223, 285 और 352 के तहत की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 28 सितंबर को दोपहर करीब 2:02 बजे कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज पांडे के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता नदरई गेट स्थित गांधी मूर्ति से जुलूस के रूप में तहसील सदर कासगंज पहुंचे। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बिना अनुमति जुलूस निकाला और तहसील परिसर पहुंचकर प्रधानमंत्री, गृहमंत्री तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के प्रतीकात्मक पुतले फूंके।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि जुलूस के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित हुआ, जिससे बाजार आने-जाने वाले लोगों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ समय के लिए मार्ग अवरुद्ध होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
चौकी प्रभारी की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में सोरों गेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप वर्मा की तहरीर पर कोतवाली कासगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज पांडे समेत 17 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 25 अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनुरुद्ध सिंह को सौंपी है।
इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला था जुलूस
गौरतलब है कि सोमवार को जिला कांग्रेस और शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया गया था। जिलाध्यक्ष मनोज पांडे के नेतृत्व में कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे, बैनर और विरोध संबंधी तख्तियां लेकर नदरई गेट स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से निकले थे। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर तक मार्च निकाला था।
तहसील पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर विरोध जताया था। इसके बाद जिलाध्यक्ष मनोज पांडे ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार सुरेश कुमार को सौंपा था। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की मांग उठाई गई थी।
पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।