जागरणटुडे.मीरगंज(बरेली)
बरेली जनपद के मीरगंज तहसील क्षेत्र में बीते दिनों हुई तेज बारिश से कई गांवों में कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है। वहीं खेतों में जलभराव के कारण फसलें प्रभावित होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बारिश से हुए नुकसान को लेकर अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा की प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री प्रो. भक्ति सिंह ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी मीरगंज निधि शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों और किसानों को राहत एवं मुआवजा दिलाने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से प्रभावित परिवारों को तत्काल तिरपाल, राहत सामग्री तथा जरूरत के अनुसार अस्थायी आवास उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही प्रभावित गांवों में राजस्व विभाग की टीम भेजकर क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का स्थलीय सर्वे कराने की मांग उठाई गई।
प्रो. भक्ति सिंह ने कहा कि बारिश के कारण जिन गरीब परिवारों और किसानों को नुकसान हुआ है, उन्हें नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने छोटे और सीमांत किसानों की फसल क्षति का उचित आकलन कर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग भी की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम प्रधान इंद्रपाल, गंगा सहाय राजपूत, हरद्वारी लाल वर्मा समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया कि बारिश से मकानों और फसलों को हुए नुकसान की लेखपालों के माध्यम से जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार पात्र लोगों को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।