पटियाली, राहुल गुप्ता। सेंट केएम इंटर कॉलेज, पटियाली में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद छात्राओं ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में प्रतिभाग कर गांधी और शास्त्री के विचारों को अपने शब्दों और कला के माध्यम से प्रस्तुत किया।
जयंती के अवसर पर विद्यालय में निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कक्षा तीन से 12 तक की छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्राओं ने अपने पोस्टरों और निबंधों में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी के संदेशों के साथ ही लाल बहादुर शास्त्री के ईमानदारी, अनुशासन, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को प्रभावशाली ढंग से उकेरा। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं की रचनात्मकता और महापुरुषों के विचारों के प्रति उनकी समझ देखने को मिली।
कार्यक्रम में आरएल शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। दोनों महापुरुषों ने अपने आचरण और कर्मों से सत्यनिष्ठा, त्याग, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने व्यवहार और दिनचर्या में इन मूल्यों को अपनाने का प्रयास करना चाहिए।
प्रबंधक एसके गौर ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करना नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में उतारना है। उन्होंने कहा कि सत्य, सादगी, अनुशासन और देशसेवा जैसे मूल्यों को विद्यार्थी जीवन से ही अपनाया जाए तो यही राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान बन सकता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान से परिचित कराया गया। अंत में विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्रहित में जिम्मेदार नागरिक के रूप में कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।