Wednesday, October 28, 2026

खराब खड़े ट्रक में पीछे से घुसा कंटेनर, चालक की मौत

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 2, 2026

खराब खड़े ट्रक में पीछे से घुसा कंटेनर, चालक की मौत

जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)

नेशनल हाईवे पर कुल्छा खुर्द के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क पर खराब हालत में खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर जा घुसा। हादसे में कंटेनर चालक फैसल की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक कंटेनर के केबिन में बुरी तरह फंस गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और राहत कर्मियों ने शव को बाहर निकाला।

बताया गया कि कंटेनर दिल्ली से किराना का सामान लेकर शाहजहांपुर की ओर जा रहा था। कुल्छा खुर्द के पास हाईवे पर एक ट्रक सुबह से खराब हालत में सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आए कंटेनर की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मिलक इंस्पेक्टर पुष्कर सिंह, मीरगंज पुलिस और 112 पीआरवी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद कंटेनर में फंसे चालक के शव को बाहर निकलवाया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और वाहनों का आवागमन सुचारू कराया।

हादसे के बाद हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि खराब ट्रक सुबह से सड़क पर खड़ा था, जबकि उसके इंजन के फटने की बात सामने आई है। आरोप है कि ट्रक के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। ऐसे में एनएचएआई की सुरक्षा व्यवस्था और खराब वाहनों को लेकर अपनाई जाने वाली व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

मृतक फैसल बदायूं जिले के बिसौली थाना क्षेत्र के उदरपुर गांव का रहने वाला था। हादसे की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि फैसल रोजी-रोटी के लिए कंटेनर चलाता था और इसी काम के सिलसिले में दिल्ली से शाहजहांपुर जा रहा था।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.