Wednesday, October 28, 2026

चार फीट दूरी, दो आंख का टुकड़ा और संतुलित खाद से बढ़ेगा गन्ना उत्पादन

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 2, 2026

चार फीट दूरी, दो आंख का टुकड़ा और संतुलित खाद से बढ़ेगा गन्ना उत्पादन

जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)

फॉरएवर ग्लोबल एंटरप्राइजेज लिमिटेड शुगर यूनिट मीरगंज (बरेली)की ओर से क्षेत्र के ग्राम गुरगावा और बहरोली में किसान गोष्ठियों का आयोजन किया गया। गोष्ठियों में किसानों को गन्ने की उन्नत खेती, बीज शोधन, फसल प्रबंधन और प्रमुख कीट एवं रोगों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। दोनों गोष्ठियों में करीब 150-150 किसानों ने भाग लिया।

गोष्ठियों की अध्यक्षता पूर्व वैज्ञानिक डॉ. वीसी जादौन ने की। इस दौरान सीनियर सीएम मोहन स्वरूप गंगवार, क्षेत्रीय प्रबंधक, क्षेत्राधिकारियों सहित फील्ड स्टाफ मौजूद रहा। डॉ. जादौन ने किसानों को गन्ने की पैदावार बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक विधियों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने गन्ने की बुवाई से पहले बीज शोधन और भूमि शोधन में ट्राइकोडर्मा के प्रयोग को उपयोगी बताया।

उन्होंने किसानों से खेत की गहरी जुताई करने तथा गन्ने की बुवाई में लाइन से लाइन की दूरी चार फीट रखने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि बेहतर जमाव के लिए दो आंख वाले गन्ने के टुकड़े का प्रयोग किया जाए और बुवाई के बाद गन्ने के ऊपर करीब एक से डेढ़ इंच मिट्टी डालें। साथ ही फसल में संतुलित उर्वरकों का प्रयोग करने पर जोर दिया।

डॉ. जादौन ने किसानों को रेड रॉट, टॉप बोरर समेत गन्ने में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों की पहचान और उनसे बचाव के उपाय भी बताए। उन्होंने कहा कि समय पर फसल की निगरानी और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन तथा गुणवत्ता दोनों में सुधार किया जा सकता है।

सीनियर सीएम मोहन स्वरूप गंगवार ने शीतकालीन गन्ना बुवाई को लेकर मिल की ओर से किसानों को दी जा रही सुविधाओं और अनुदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों को सरसों, ट्राइकोडर्मा से भूमिशोधन तथा हेक्सास्टाफ से बीज शोधन के लिए 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा एसएसपी, माइक्रोन्यूट्रिएंट्स तथा कृषि यंत्रों में ट्रेंच ओपनर, झटका मशीन और पलकट्टी एफआरबी पर भी मिल की ओर से अनुदान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

गोष्ठियों में किसानों ने गन्ने की खेती से संबंधित समस्याएं साझा कीं। मिल अधिकारियों ने किसानों को तकनीकी जानकारी देते हुए समय पर फसल प्रबंधन करने का सुझाव दिया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.