Thursday, October 29, 2026

Kasganj: अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, एक्सकेवेटर समेत चार वाहन जब्त

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 3, 2026

Kasganj: अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, एक्सकेवेटर समेत चार वाहन जब्त

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी प्रणय सिंह के निर्देश पर तहसील कासगंज क्षेत्र में चलाए गए सघन जांच एवं छापेमारी अभियान के दौरान अवैध खनन में प्रयुक्त एक हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़कर जब्त की गईं। कार्रवाई से अवैध खनन में लगे लोगों में खलबली मच गई।

उप जिलाधिकारी कासगंज के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने तहसील क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियों को लेकर जांच और छापेमारी की। इस दौरान अवैध खनन में संलिप्त पाए गए हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर महिला थाना कासगंज में खड़ा कराया गया। संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में किसी भी दशा में अवैध खनन नहीं होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के साथ ही खनन में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए।


जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी और जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि अवैध खनन की गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.