सुबह चार बजे बहन कमरे में पहुंची तो सामने था खौफनाक मंजर, शादी के महज दो महीने बाद उजड़ गया था सुहाग
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पति की असमय मौत का सदमा एक 23 वर्षीय विवाहिता के लिए असहनीय बन गया। पति की आत्महत्या के करीब दो महीने बाद विवाहिता का शव मायके में कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला। गुरुवार तड़के छोटी बहन कमरे में पहुंची तो घटना की जानकारी हुई। परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पटियाली थाना क्षेत्र की न्यू कॉलोनी, गली नंबर दो निवासी राजवीर ने अपनी 23 वर्षीय बेटी मुस्कान की शादी इसी वर्ष नौ मई को सहावर थाना क्षेत्र के चौबे नगला निवासी राहुल पुत्र महेश के साथ की थी। राहुल परचून की दुकान चलाने के साथ आटा चक्की का काम भी करता था। बताया गया कि शादी के बाद उसने दुकान पर जाना कम कर दिया था। परिजनों की ओर से काम पर जाने का दबाव बनाए जाने के बाद राहुल ने 13 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पति की मौत के बाद मुस्कान मायके में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, पति को खोने के बाद से वह गहरे सदमे में थी और अक्सर गुमसुम रहती थी। बुधवार देर रात उसने अपने कमरे में साड़ी के सहारे फंदा लगा लिया। गुरुवार सुबह करीब चार बजे उसकी छोटी बहन सलोनी (18) किसी काम से कमरे में पहुंची तो मुस्कान का शव पंखे से लटका देख उसकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। घर में चीख-पुकार मच गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।