बरेली में एसपी सिटी रहे आईपीएस मानुष पारीक को पत्रकारों ने दी ससम्मान विदाई
बरेली में एसपी सिटी रहे आईपीएस मानुष पारीक के स्थानांतरण के बाद गुरुवार नौ अक्टूबर को उनके सम्मान में पत्रकारों ने एक समारोह आयोजित कर उन्हें ससम्मान विदाई दी गई। पत्रकारों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर व्यापारी नेता और कारोबारी भी मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने आईपीएस मानुष पारीक के कार्यकाल को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
सिविल लाइंस स्थित होटल ओबराय आनंद में आयोजित समारोह में मौजूद लोगों ने कहा कि मानुष पारीक ने अपने कार्यकाल के दौरान आम लोगों से संवाद बनाए रखने के साथ ही अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया। बरेली में शांति और सौहार्द कायम रखने में अति महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विदाई के दौरान लोगों ने उनके साथ बिताए समय और कार्यकाल से जुड़ी यादें भी साझा कीं।
‘हर व्यक्ति का रोल अहमियत रखता है’
विदाई समारोह में आईपीएस मानुष पारीक ने सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। घर का काम करने वाला व्यक्ति भी छोटा नहीं होता। हर व्यक्ति की अपनी भूमिका होती है और समाज में उसकी अपनी अहमियत है।
उन्होंने कहा कि बरेली में तैनाती के दौरान उन्होंने पूरी शिद्दत के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। यहां के लोगों से उन्हें जो प्यार और सम्मान मिला, वह उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि लोगों के साथ बना रिश्ता केवल बरेली में रहने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रिश्ता आगे भी कायम रहेगा।
मानुष पारीक बोले- दुनियां गोल है, फिर मुलाकात होगी
मानुष पारीक ने भावुक अंदाज में कहा कि उनका अगला दायित्व आजमगढ़ में है। उन्होंने कहा कि दुनिया गोल है और जिंदगी में मुलाकातें दोबारा होती रहती हैं। भगवान ने चाहा तो भविष्य में बरेली के लोगों से फिर मुलाकात होगी।
उन्होंने समारोह में मौजूद लोगों से कहा कि किसी को भी कभी किसी तरह की मदद की जरूरत हो तो वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। उनके इस अंदाज पर मौजूद लोगों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। समारोह के अंत में लोगों ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह के अवसर पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज हरित, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अध्यक्ष आलोक गुप्ता, डॉ. लिटिल गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार संजय श्रीवास्तव, कृष्ण गोपाल राज, दीपक कुमार श्रीवास्तव, अशोक शर्मा, भीम मनोहर, अशोक कुमार गुप्ता, रणदीप सिंह, विकास साहनी, राहुल गुप्ता, राहुल सक्सेना, फिरोज खान, राहुल गुप्ता, हैदर अली आदि मौजूद रहे।