35 हजार नकद और 40 हजार की शराब चोरी, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पटियाली क्षेत्र के दरियावगंज कस्बे में चोरों ने शराब की दुकान को निशाना बनाते हुए दीवार में नकब लगा दिया। चोर दुकान से 35 हजार रुपये नकद और करीब 40 हजार रुपये की शराब चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर दुकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच-पड़ताल की। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
गंजडुंडवारा निवासी राजेश सोलंकी की दरियावगंज रेलवे स्टेशन रोड पर शीला देवी के नाम से शराब की दुकान संचालित है। शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि चोरों ने दुकान की दीवार में सेंध लगाई और अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान में रखे 35 हजार रुपये नकद और करीब 40 हजार रुपये कीमत की शराब समेटकर फरार हो गए।
शनिवार सुबह पड़ोसियों को दुकान में चोरी होने की जानकारी हुई तो उन्होंने दुकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद मालिक ने पुलिस को घटना से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। पुलिस ने मौके से आवश्यक जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
अपराध निरीक्षक गुलाब सिंह ने बताया कि चोरी की घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।