Thursday, October 29, 2026

Kasganj: सरसों की बुवाई के लिए खेत जोत रहा मजदूर रोटावेटर में फंसा, दर्दनाक मौत

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 10, 2026

Kasganj: सरसों की बुवाई के लिए खेत जोत रहा मजदूर रोटावेटर में फंसा, दर्दनाक मौत

भीषण हादसे में शरीर के करीब 20 टुकड़े हुए, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी में शनिवार को सरसों की बुवाई के लिए खेत की जुताई करते समय दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आने से 40 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि रोटावेटर में फंसने से मजदूर का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव के क्षत-विक्षत हिस्सों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


मजदूरी करने घर से निकले थे अजीत

पुलिस के अनुसार, गांव बडोला निवासी अजीत तोमर (40) पुत्र ओमप्रकाश सिंह तोमर शनिवार सुबह मजदूरी करने घर से निकले थे। वह सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी निवासी बब्लेश पुत्र कृपाल के खेत में सरसों की बुवाई के लिए ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे अचानक वह ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग भी मंजर देखकर सहम गए। हालांकि, मजदूर के रोटावेटर की चपेट में आने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।


तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

हादसे की खबर अजीत के गांव बडोला पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अंजलि तोमर का रो-रोकर बुरा हाल है। अजीत अपने पीछे सात वर्षीय बेटे माधव, छह वर्षीय बेटी परी और तीन वर्षीय छोटे बेटे को छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तीनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना पर सिकंदरपुर वैश्य थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रोटावेटर में फंसे शव के हिस्सों को एकत्र किया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.