पीस कमेटी की बैठक में एसडीएम और सीओ ने आयोजन समितियों को दिए निर्देश, अग्निशमन व्यवस्था से लेकर शोभायात्राओं तक सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पटियाली/कासगंज। नवरात्रि, रामलीला महोत्सव, राम बारात और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार शाम पटियाली तहसील सभागार में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में अधिकारियों ने आयोजन समितियों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति गंभीर रहने की हिदायत दी। स्पष्ट संदेश दिया गया कि धार्मिक आयोजनों में आस्था और उत्साह के साथ नियमों का पालन भी अनिवार्य है। शोभायात्राओं में डीजे की तेज आवाज और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी सुशांत सांवरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में क्षेत्राधिकारी अमित कुमार, तहसीलदार रामनयन और नायब तहसीलदार रोहित प्रकाश सक्सेना सहित संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयोजन समितियों के पदाधिकारियों, संभ्रांत नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ पर्वों के दौरान सुरक्षा, शांति और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने कहा कि धार्मिक आयोजनों और शोभायात्राओं के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। आयोजन स्थलों पर आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। शोभायात्राओं में बड़े वाहनों पर डीजे लगाने से बचने और ध्वनि की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि डीजे की तेज आवाज से किसी के जीवन या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की स्थिति में संबंधित डीजे संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम सुशांत सांवरे ने कहा कि नवरात्रि, रामलीला और दशहरा जैसे पर्व आस्था, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। इन्हें आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना सभी की जिम्मेदारी है। आयोजन समितियां इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उनके कार्यक्रमों से आमजन को परेशानी न हो और प्रशासन की ओर से निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी पर्व सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए आयोजकों और नागरिकों का सहयोग जरूरी है।
बैठक में अधिकारियों ने आयोजन समितियों से व्यवस्थाओं को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन और पुलिस को देने की अपील की। इस मौके पर अमित प्रकाश महाजन, राघव मिश्रा, नन्हे गुप्ता, धीरेन्द्र शाक्य प्रधान, अब्दुल हफीज गांधी, राशिद अली, मुशीर मालदार, इरशाद अली, सारांश वार्ष्णेय, अरशद राईन, आशीष वार्ष्णेय, शाहिद अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।