सपा नेताओं और छात्र-छात्राओं ने बरेली कॉलेज में प्रतिमा पर माल्यार्पण कर डॉ लोहिया को दी श्रद्धांजलि
महान समाजवादी चिंतक और नेता डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर बरेली कॉलेज बरेली परिसर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समाजवादी पार्टी के जिला सचिव बृजेश श्रीवास्तव सविता व निवर्तमान छात्रसंघ महामंत्री डॉ. हृदेश यादव और कॉलेज के तमाम छात्र-छात्राओं ने डॉ. लोहिया को नमन किया। इस दौरान उनके विचारों, सामाजिक न्याय के संघर्ष और समानता पर आधारित समाज की परिकल्पना को याद किया गया।
कार्यक्रम में सपा जिला सचिव बृजेश श्रीवास्तव सविता ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया के विचार वर्तमान समाज को भी नई दिशा देने वाले हैं। समता, स्वतंत्रता और न्याय के सिद्धांतों पर आधारित उनकी विचारधारा सदैव लोगों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने सामाजिक भेदभाव और असमानता को समाप्त करने के लिए संघर्ष किया और समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार तथा सम्मान दिलाने का रास्ता दिखाया।
जाति, धर्म और वर्ग के आधार पर भेदभाव के खिलाफ किया संघर्ष
निवर्तमान छात्रसंघ महामंत्री डॉ. हृदेश यादव ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया ने अपने पूरे जीवन में जाति, धर्म और वर्ग के आधार पर होने वाले भेदभाव, गैरबराबरी, अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष किया। उनकी सोच ऐसे समाज के निर्माण की थी, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर मिले और किसी के साथ भी सामाजिक या आर्थिक आधार पर भेदभाव न हो। उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित समाज की स्थापना के पक्षधर थे। उनके विचारों में सामाजिक समानता, नागरिक स्वतंत्रता और वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने का विशेष महत्व था। उनकी ओर से प्रस्तुत सप्तक्रांति की अवधारणा आज भी सामाजिक और राजनीतिक संदर्भों में प्रासंगिक है। उनके विचार युवाओं को अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और समाज में समानता स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं।
लोहिया के विचारों को आत्मसात करें युवा
कार्यक्रम के दौरान डॉ. लोहिया के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए छात्र-छात्राओं से उनके विचारों को समझने और जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता को दूर करने के लिए जागरूकता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता जरूरी है।
इस अवसर पर समाजवादी छात्र सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश यादव, अंबेडकर वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष करन सागर, छात्र सभा के प्रदेश सचिव संजय मेवाती, छात्र नेता रवि पंडित और मंजीत यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने डॉ. राममनोहर लोहिया के आदर्शों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।