Thursday, October 29, 2026

Kasganj: आजम खान पर कथित प्रतिशोधात्मक कार्रवाई रोकने की मांग, सपा प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 15, 2026

Kasganj: आजम खान पर कथित प्रतिशोधात्मक कार्रवाई रोकने की मांग, सपा प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

पटियाली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के विरुद्ध कथित प्रतिशोधात्मक एवं उत्पीड़नकारी कानूनी कार्रवाइयों पर रोक लगाने और निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने की मांग को लेकर गुरुवार को सपा प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सुशांत सांवरे को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मामले में निष्पक्ष समीक्षा कराने के साथ आजम खान के संवैधानिक और कानूनी अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि कानून का इस्तेमाल किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि न्याय सुनिश्चित करने के लिए होना चाहिए। आजम खान के विरुद्ध लगातार हो रही नई कानूनी कार्रवाइयों की निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी व्यक्ति के साथ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई न हो।

सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव प्रेम सिंह शाक्य ने कहा कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई पारदर्शी, निष्पक्ष और कानून के अनुरूप होनी चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक मतभेदों के आधार पर किसी को निशाना बनाना उचित नहीं है। वहीं, वरिष्ठ सपा नेता ईसार अली ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर न्याय, निष्पक्षता और मानवीय गरिमा की रक्षा करना जरूरी है।

पटियाली बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कुंवर पाल यादव ने कानून के शासन और निष्पक्ष न्यायिक प्रक्रिया को लोकतंत्र की बुनियाद बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति के कानूनी अधिकारों एवं व्यक्तिगत स्वतंत्रता का सम्मान किए जाने पर जोर दिया। सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष राशिद अली ने कहा कि बार-बार नई प्राथमिकी और कानूनी कार्रवाइयों के कारण किसी व्यक्ति के लगातार हिरासत में रहने की स्थिति बनने की आशंका गंभीर विषय है। प्रत्येक मामले में ठोस साक्ष्यों और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन होना चाहिए।

ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से अनुरोध किया गया कि वह संबंधित सक्षम प्राधिकारियों तक प्रतिनिधिमंडल की चिंता पहुंचाएं और आजम खान के विरुद्ध चल रही जांचों एवं कानूनी कार्यवाहियों में निष्पक्षता सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि उसकी मांग किसी वैधानिक जांच को रोकने की नहीं, बल्कि कानून के निष्पक्ष और समान अनुपालन तथा किसी भी प्रकार की प्रतिशोधात्मक कार्रवाई से बचने की है।

इस दौरान अरविंद शाक्य, चंदन पांडे, मोहम्मद असलम अंसारी, मोहम्मद शाहिद, हिकमत अली, मुशीर अहमद अंसारी, रहीस आलम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.