गंजडुंडवारा कॉलेज में एनएसएस और मिशन शक्ति प्रकोष्ठ ने किया आयोजन, नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को गंजडुंडवारा कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं मिशन शक्ति प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश देते हुए लोगों को जागरूक किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शेखर शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित रैली का नेतृत्व मिशन शक्ति प्रतिनिधि डॉ. रितु गुप्ता और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ऋषभ मिश्रा ने किया। रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए नारी शक्ति के सम्मान, महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रति समाज को जागरूक किया। रैली भ्रमण के बाद पुनः महाविद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक दृष्टिकोण अपनाने, उनकी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। रैली में छात्र-छात्राओं और एनएसएस स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. अनुराग तिवारी, राकेश कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।