जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सिढ़पुरा। बुलंदशहर के नरौरा में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों के शव शुक्रवार देर रात कासगंज जिले के दहेली बुजुर्ग गांव पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरा गांव गम में डूब गया। शनिवार को अंतिम संस्कार के दौरान माहौल और भी गमगीन हो गया। मासूम प्रगति को दफनाया गया, जबकि उसके पिता लोकेंद्र उर्फ टिंकू, दादा रामदीन और बड़ी बहू बबिता का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। तीनों को प्रवीण कुमार ने मुखाग्नि दी। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले चालक एवं गाड़ी मालिक शिव शेखर मिश्रा का कादरगंज गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उन्हें उनके बड़े बेटे सचिन ने मुखाग्नि दी।
ग्यारह माह की नातिन का मुंडन संस्कार कराने और जात की रस्म पूरी करने के लिए निकले परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। नरौरा थाना क्षेत्र में ईको गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग घायल हो गए थे।
शुक्रवार देर रात जब एंबुलेंस से पांचों मृतकों के शव गांव पहुंचे तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। शवों को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मासूम प्रगति, उसके पिता लोकेंद्र उर्फ टिंकू, दादा रामदीन और बबिता की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। गांव में शोक की लहर छा गई और घरों में चूल्हे तक नहीं जले।
पिता से आखिरी मुलाकात कर गई आशा
इस हादसे ने परिवार के पीछे रह गए लोगों को ऐसा दर्द दिया, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। रामदीन की बेटी आशा घर पर ही रह गई थी। उसे क्या पता था कि पिता से यह उसकी आखिरी मुलाकात होगी और वह फिर कभी लौटकर नहीं आएंगे। वहीं, शिव शेखर मिश्रा के छोटे बेटे नितिन का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार कह रहा था कि वह सोकर भी नहीं उठा था कि उसके पापा दुनिया छोड़कर चले गए।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बंधाया ढांढस
हादसे की सूचना पर अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह सोलंकी और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सिढ़पुरा राजवीर सिंह यादव समेत कई जनप्रतिनिधि गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को सांत्वना दी। अमांपुर विधायक ने पीड़ित परिवारों को शासन स्तर से हर संभव आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री को हादसे से अवगत कराएंगे। मौके पर एसडीएम सुशांत सावरे, क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार, खंड विकास अधिकारी सिढ़पुरा कुलदीप कुशवाह और थानाध्यक्ष प्रदीप मलिक पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।