Wednesday, October 28, 2026

बरेली: दशहरा मेला संपन्न, राम की राजगद्दी यात्रा निकली

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 20, 2026

बरेली: दशहरा मेला संपन्न, राम की राजगद्दी यात्रा निकली

विष्णु इंटर कॉलेज मैदान में हुआ आयोजन, 50 फुट ऊंचे रावण और 40-40 फुट के मेघनाथ-कुंभकरण के पुतले रहे आकर्षण

जागरण टुडे, बरेली

दशहरा रामलीला धार्मिक सेवा समिति की ओर से आयोजित 70वां विराट दशहरा मेला विष्णु इंटर कॉलेज के मैदान में भव्यता और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। मेले में हजारों की संख्या में शहरवासी पहुंचे। भगवान श्रीराम की राजगद्दी यात्रा, विशालकाय रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले तथा खानपान और मनोरंजन के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। महापौर उमेश गौतम ने मेले का शुभारंभ किया।


1950 से आयोजित हो रहा दशहरा मेला

समिति के महामंत्री रवि छाबड़ा ने बताया कि विभाजन के बाद वर्ष 1950 से मॉडल टाउन में दशहरा मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला बरेली के प्रमुख और बड़े आयोजनों में शामिल रहा है। पहले राजगद्दी यात्रा जिला परिषद कार्यालय से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए मॉडल टाउन स्थित दशहरा मेला मैदान पहुंचती थी। पिछले वर्ष से मेले का आयोजन पुराने मैदान के स्थान पर विष्णु इंटर कॉलेज के मैदान में नए स्वरूप में किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शाम 4:30 बजे भगवान श्रीराम की राजगद्दी यात्रा श्री हरि मंदिर से शुरू हुई। यात्रा सनातन धर्म मंदिर, रामायण मंदिर और दरगाह मंदिर होते हुए मेला स्थल पर पहुंची। यात्रा में भगवान श्रीराम के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। विभिन्न मार्गों से गुजरती राजगद्दी यात्रा ने शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल बना दिया।


50 फुट ऊंचा रावण और 40-40 फुट के मेघनाथ-कुंभकरण के पुतले

मेला परिसर में 50 फुट ऊंचे रावण और 40-40 फुट ऊंचे मेघनाथ व कुंभकरण के पुतले तैयार किए गए थे। इन विशालकाय पुतलों को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा। आयोजकों की ओर से आतिशबाजी का मुकाबला भी आकर्षण के रूप में रखा गया। मेले में खानपान, झूले और विभिन्न वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों ने परिवार के साथ खरीदारी और मनोरंजन का आनंद लिया।

मेले में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के बृज प्रांत क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी शामिल हुए। अति विशिष्ट अतिथियों में राज्यसभा सांसद एवं कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार, भाजपा उपाध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना शामिल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा और जिलाधिकारी अविनाश सिंह मौजूद रहे।


समिति पदाधिकारियों ने जताया आभार

मेले के आयोजन में समिति के अध्यक्ष अनुपम कपूर, महामंत्री रवि छाबड़ा, मेला प्रभारी अतुल कपूर, मुख्य संरक्षक सुशील अरोरा, अनिल अरोरा, जुगल किशोर, राकेश नरूला, संजय आनंद, मीडिया प्रभारी गोविन्द तनेजा, मनमोहन सभरवाल, लतेश शर्मा और धीरज कुमार सहित अन्य सदस्यों ने योगदान दिया।

समापन पर महामंत्री रवि छाबड़ा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समिति सदस्यों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मेले में पहुंचकर आयोजन की शोभा बढ़ाने के लिए बरेलीवासियों को धन्यवाद दिया और सभी को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.