सहावर में सपा की बैठक, शशांक यादव के समर्थन में जनसंपर्क करने का आह्वान
सहावर, अनवर खान। कस्बे के चौधरी गार्डन में बुधवार को समाजवादी पार्टी की ओर से स्नातक चुनाव को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जाहिदा सुल्तान ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सांसद देवेश शाक्य मौजूद रहे। बैठक में आगरा खंड से सपा प्रत्याशी शशांक यादव (सीटू) की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुटने का आह्वान किया गया।
जाहिदा सुल्तान ने कहा कि स्नातक चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर प्रयास करना होगा। कार्यकर्ता स्नातक मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें पार्टी की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय महत्वपूर्ण है। सभी को जिम्मेदारी के साथ प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार अभियान चलाना चाहिए।
मुख्य अतिथि सांसद देवेश शाक्य ने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत और मतदाताओं से सीधा संवाद जीत का महत्वपूर्ण आधार होता है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से स्नातक मतदाताओं के बीच पहुंचकर शशांक यादव के समर्थन में जनसंपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष विक्रम यादव, त्रिमल सिंह, विनय कुशवाह, प्रवेंद्र सिंह राणा, मोहम्मद फेद, शाहरुख राज, नियाज मोहम्मद, मुईर अहमद, अय्यूब कुरैशी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।