Thursday, October 29, 2026

Kasganj: एमएलसी चुनाव में खलल डालने वालों की खैर नहीं, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 21, 2026

Kasganj: एमएलसी चुनाव में खलल डालने वालों की खैर नहीं, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश

23 अक्टूबर को मतदान से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश, अफवाह फैलाने वालों और अराजक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। एमएलसी चुनाव में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 23 अक्टूबर को प्रस्तावित एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी प्रणय कुमार और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को ब्रीफिंग कर स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


ब्रीफिंग में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी समेत चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चुनाव तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी सतर्कता के साथ निभाने के निर्देश दिए।

संवेदनशील केंद्रों पर रहेगी विशेष नजर

डीएम और एसपी ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का समय रहते निरीक्षण करने और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा जरूरत के अनुसार संबंधित सुरक्षा बलों से समन्वय बनाए रखने को कहा गया। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था पर नजर रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।


सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई तो होगी कार्रवाई

चुनाव के दौरान सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर भी प्रशासन सतर्क रहेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अफवाहों की निगरानी की जाए और गलत सूचनाएं फैलाकर शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने तथा सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश भी दिए गए।


ड्यूटी में लापरवाही और मोबाइल के अनावश्यक इस्तेमाल से बचें

जिलाधिकारी प्रणय कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी बिना किसी पक्षपात के अपने दायित्वों का निर्वहन करें। वहीं, पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की शिथिलता न बरतने और अराजक तत्वों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने और मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने को कहा, ताकि चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों में कोई बाधा न आए।

प्रशासन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा है, जिससे 23 अक्टूबर को प्रस्तावित एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराया जा सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.