कासगंज में शिक्षक और स्नातक सीट के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, पांच जोन और 12 सेक्टरों में बंटा जिला; हर बूथ पर छह पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
11,216 मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, लापरवाही पर कार्रवाई, व्यवधान डालने वालों पर रहेगी नजर
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए जिले में मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जिले के 20 मतदेय स्थलों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी रोकने और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है।
जिले में शिक्षक निर्वाचन के लिए आठ और स्नातक निर्वाचन के लिए 12 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर चार मतदान कार्मिकों के साथ छह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। पूरे जिले को पांच जोन और 12 सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उप जिलाधिकारी स्तर के अधिकारियों को जोनल अधिकारी बनाया गया है, जबकि निर्वाचन संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन में कासगंज जिले के कुल 11,216 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 1,291 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 9,925 मतदाता शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन में 1,008 पुरुष और 283 महिला मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं, स्नातक निर्वाचन में 6,888 पुरुष और 3,037 महिला मतदाता हैं।