नगला भूरा में हादसे से मची चीख-पुकार, मलबे में दब गया शीलेंद्र का बेटा प्रियांशु; पत्नी के नीचे पहुंचते ही हुआ विस्फोट, जांच में जुटी पुलिस
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। घर में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में लगी आग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। थाना कासगंज क्षेत्र के नगला भूरा गांव में सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए तेज धमाके से मकान की छत ढह गई। हादसे में 14 वर्षीय किशोर प्रियांशु मलबे में दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य किया।
गांव निवासी शीलेंद्र का बेटा प्रियांशु घर पर खाना बनाने के लिए कुछ तैयार कर रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई। बताया गया कि शीलेंद्र अपने बच्चों के साथ बाल कटवाने के लिए घर से बाहर गए थे, जबकि उनकी पत्नी कविता मकान के ऊपरी हिस्से में सो रही थीं। नीचे से शोर सुनकर कविता वहां पहुंचीं, तभी सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मकान की छत गिर गई और प्रियांशु मलबे में दब गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही थाना कासगंज की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली। मलबे में दबे किशोर को बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रियांशु पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। परिवार में सबसे बड़ी बेटी उपासना करीब 16 वर्ष की है। इसके बाद प्रियांशु, खुशबू करीब 12 वर्ष, विवेक करीब 10 वर्ष और सबसे छोटी बेटी भावना करीब चार वर्ष की है। किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, सिलेंडर में आग लगने और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।