भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस की पूर्व संध्या पर भगवान वाल्मीकि प्रभात फेरी समिति की ओर से जाटवपुरा स्थित वाल्मीकि पुस्तकालय में सामाजिक विचार गोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाट्य मंचन और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं, प्रबुद्धजनों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक एकता और समाज की प्रगति पर जोर दिया। वहीं, जादूगर शो और बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
समिति के संस्थापक गुरु प्रसाद काले ने बताया कि यह आयोजन समिति का 30वां कार्यक्रम है। समारोह के मुख्य अतिथि बहेड़ी विधायक अताउर रहमान ने कहा कि वाल्मीकि समाज शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। समाज की यह प्रगति सराहनीय है। इस तरह के आयोजन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
शिक्षा और सामाजिक एकता का दिया संदेश
कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनीस बेग ने किया, जबकि दीप प्रज्वलन वरिष्ठ पार्षद राजेश अग्रवाल ने किया। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, एससी-एसटी आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया, सपा नेता संजीव सक्सेना, सपा जिला सचिव बृजेश श्रीवास्तव सविता, समर्थ मिश्रा, डॉ. पवन सक्सेना और भीम आर्मी नेता अतुल वाल्मीकि मौजूद रहे।
समिति के अध्यक्ष इंजीनियर अतिकाय सिंह ने अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश महासचिव सुभाष वाल्मीकि ने की। संचालन डॉ. संदीप वर्मन ने किया।
विचार गोष्ठी के माध्यम से सामाजिक एकता, शिक्षा के महत्व, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने ऐसे आयोजनों को समाज में जागरूकता बढ़ाने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बताया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में नाट्य मंचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जादूगर शो और बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर संस्थापक गुरु प्रसाद काले, अध्यक्ष इंजीनियर अतिकाय सिंह, श्याम सुंदर वाल्मीकि, कमलेश रत्नाकर, वेद प्रकाश वाल्मीकि, राजकुमार पंकज, अरविंद आनंद, हरीश काका, डॉ. संदीप वर्मन, राजकुमार कप्तान, डॉ. सीपी आर्या, आनंद प्रकाश वाल्मीकि, पूर्व पार्षद डॉ. विजय वाल्मीकि, आशीष चौहान, देवेश दर्शन, अक्षय सिंह और कुशराज सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
आज निकलेगी भगवान वाल्मीकि प्रभात फेरी
समिति के अध्यक्ष इंजीनियर अतिकाय सिंह ने बताया कि 26 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि की 30वीं प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी का शुभारंभ वरिष्ठ पार्षद राजेश अग्रवाल करेंगे। इसके समापन के बाद आयोजित विशाल भंडारे का शुभारंभ पूर्व महापौर डॉ. आईएस तोमर करेंगे।
समिति की ओर से श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से प्रभात फेरी में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजकों ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से भगवान वाल्मीकि के आदर्शों, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।