भारतीय जनता पार्टी द्वारा बदायूँ जनपद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का जिला भाजपा कार्यालय पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम को संगठनात्मक मजबूती और भावी रणनीति की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें-मतदाता सूची शुद्धिकरण को घर-घर अभियान तेज करेगी भाजपा
जनपद से राष्ट्रीय परिषद सदस्य हरप्रसाद सिंह पटेल एवं प्रांतीय परिषद सदस्य, शेखूपुर से पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, बिसौली से डॉ. अरुण प्रकाश, बिल्सी से अजय तोमर, दातागंज से रजनी मिश्रा, बदायूँ से जितेंद्र कश्यप तथा सहसवान से विजय पाल चौधरी का केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्षा वर्षा यादव सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इन सभी का अनुभव, संगठनात्मक दक्षता और नेतृत्व क्षमता भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
इसे भी पढ़ें -विधायक खेल स्पर्धा में प्रतिभाओं की चमक, विजेताओं को मिला सम्मान
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्षा वर्षा यादव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक भारतीय, राणा प्रताप सिंह, बुद्धपाल सिंह सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनौतियों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।