भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, बदायूँ में आयोजित मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की बैठक में एमएलसी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता तथा पूर्व डीसीबी चैयरमैन व जिला प्रवासी भूपेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित किया। बैठक में भाजपा नेताओं ने पुनरीक्षण अभियान को लोकतंत्र की मजबूती से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इसे भी पढ़ें -एक भारत के संकल्प संग निकली दातागंज की एकता पदयात्रा
एमएलसी/प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रणाली का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। एक त्रुटिरहित और पारदर्शी मतदाता सूची के बिना सशक्त लोकतंत्र की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करे कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर छूटे हुए पात्र मतदाताओं के फॉर्म भरवाने चाहिए, ताकि उनका मतदान अधिकार सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक की भागीदारी अनिवार्य है और मतदाता सूची को सही व अद्यतन रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसे भी पढ़ें - युवा शक्ति से बदलेगा देश: योगी
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र को मजबूत करने का एक जन-अभियान है। भाजपा कार्यकर्ता संगठनात्मक अनुशासन के साथ इस अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाएँगे। उन्होंने कहा कि हर पात्र मतदाता का नाम सही तरीके से सूची में दर्ज होना चाहिए, तभी निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संभव हो सकेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले का संगठन इस अभियान को मिशन मोड में संचालित करेगा।
इसे भी पढ़ें -विधायक खेल स्पर्धा में प्रतिभाओं की चमक, विजेताओं को मिला सम्मान
पूर्व डीसीबी चेयरमैन एवं जिला प्रवासी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रही है। मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना समय की आवश्यकता ही नहीं, बल्कि पार्टी और समाज दोनों की समान जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि मंडल और बूथ स्तर पर संगठन निरंतर मॉनिटरिंग कर रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।
कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, अभियान संयोजक शैलेंद्र मोहन शर्मा सहित मंडल अध्यक्ष, विधानसभा संयोजक, ब्लॉक प्रमुख, चेयरमैन, शक्ति केंद्र संयोजक और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।