विकासखंड जगत की ग्राम पंचायत अहोरामई में रविवार को विकास कार्यों को नई गति देते हुए सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने वारात घर का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान विधायक निधि से निर्मित ग्राम पंचायत घर, उचित दर की दुकान एवं जन सुविधा केंद्र “अन्नपूर्णा” का भी लोकार्पण किया गया।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों का समग्र विकास है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनका मुख्य उद्देश्य है। वारात घर के निर्माण से अब ग्रामीणों को सामाजिक, वैवाहिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी, जिससे अनावश्यक खर्च से भी राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें - दातागंज में विकास को रफ्तार: मझारा में नया बिजली उपकेंद्र शुरू
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत घर, उचित दर की दुकान और जन सुविधा केंद्र के शुरू होने से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं राशन वितरण से जुड़ी सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी। विधायक ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास के लिए भविष्य में भी निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
इसे भी पढ़ें - विधायक खेल स्पर्धा में प्रतिभाओं की चमक, विजेताओं को मिला सम्मान
इस मौके पर ग्राम प्रधान रिशु सिंह पटेल ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह वारात घर और अन्य सुविधाएं गांव के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष रामशरण पाल, अंकित मौर्य, आर्येन्द्र पटेल, अनेक पाल सिंह पटेल, विनोद कुमार सिंह, सुरेश चंद्र सिंह, प्रधान कैलाश सिंह, प्रधान श्रीपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का सम्मान किया गया और ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए विधायक के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।