केंद्रीय बजट 2026 के तहत विधानसभा क्षेत्र 116 शेखुपुर में ग्राम रसूलपुर बिलहरी में विधानसभा चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया, जबकि अध्यक्षता केशव शर्मा ने की। चौपाल में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट 9 लाख 12 हजार 693 करोड़ रुपये का है, जो प्रदेश के समग्र विकास को गति देगा। उन्होंने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) योजना के लिए 225 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सड़क निर्माण के लिए 34 हजार करोड़ रुपये और सिंचाई परियोजनाओं के लिए 18 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
इसे भी पढ़ें - किसान-श्रमिक सशक्त होंगे तो देश आगे बढ़ेगा : शाक्य
उन्होंने कहा कि किसानों को मुफ्त बिजली आपूर्ति की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे खेती की लागत कम होगी और उत्पादन बढ़ेगा। मजदूरों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर लेबर अड्डों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही प्रदेश में पांच नए रनवे बनाने का निर्णय भी लिया गया है, जिससे औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख म्याऊं के सी शाक्य, ब्लॉक प्रमुख जगत यादवेंद्र शाक्य, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र शाक्य, मंडल अध्यक्ष अवनीश शाक्य, गुलशन, विदेश श्रीवास्तव सहित कई मंडलों और गांवों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बूथ अध्यक्ष यादराम शाक्य, विनोद पाल, कामयाब, शक्ति केंद्र संयोजक भगवान दास समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।
इसे भी पढ़ें - भाजपा कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस
चौपाल के माध्यम से आमजन को बजट की प्रमुख योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी गई तथा सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।