उप निरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत 14 एवं 15 मार्च 2026 को प्रस्तावित लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय ने जनपद में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इसे भी पढ़ें - बदायूँ में होली-रमजान पर शांति का संदेश, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
शुक्रवार को जिलाधिकारी ने महात्मा गांधी इंटर कॉलेज उझानी तथा राजकीय पॉलिटेक्निक बदायूँ सहित अन्य परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, परीक्षा कक्षों में प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल उपलब्धता, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वार की निगरानी तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहन परीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा से पूर्व सभी केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
इसे भी पढ़ें - राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सालारपुर में 27 फरवरी को वृहद रोजगार मेला
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा केन्द्रों के व्यवस्थापक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएं, ताकि अभ्यर्थियों का विश्वास बना रहे और परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष रूप से सम्पन्न हो सके।