गुलड़िया
दरियाव सिंह राठौर मेमोरियल महाविद्यालय, गुलरिया में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का आज भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम का समापन समारोह बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें महाविद्यालय परिवार एवं आमंत्रित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसे भी पढ़ें - दरियाव सिंह राठौर महाविद्यालय में धूमधाम से मनाया शिक्षक दिवस
समारोह में महाविद्यालय के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, प्रबंधक रोहित सिंह एवं प्राचार्य डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने मुख्य रूप से उपस्थित रहकर विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में दुष्यंत शर्मा (नंदलाल इंटर कॉलेज, दातागंज बदायूं), शरद जोहरी (ज्योति इंटर कॉलेज, दातागंज) तथा धर्मचंद यादव (प्रधानाचार्य, राधिका देवी इंटर कॉलेज, इस्लामगंज बदायूं) भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में विभिन्न खेल विधाओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक, कबड्डी, वॉलीबॉल सहित कई प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खेल मैदान में पूरे समय उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इसे भी पढ़ें - बाल दिवस पर महाविद्यालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, छात्रों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
समापन अवसर पर प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा की गई। पुरुष वर्ग में उर्वेश यादव (बी.एससी. प्रथम वर्ष) को ‘सर्वश्रेष्ठ एथलीट’ के खिताब से सम्मानित किया गया। वहीं विनायक (बी.ए. प्रथम वर्ष) को ‘सर्वश्रेष्ठ एथलीट’ (महिला वर्ग) घोषित किया गया। विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। पुरस्कार पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में तालियों की गूंज सुनाई दी।
कार्यक्रम के अंत में होली पर्व की पूर्व संध्या पर छात्र-छात्राओं ने रंगों के साथ उत्सव मनाया। सभी ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली खेली, जिससे वातावरण और भी उल्लासमय हो गया।
समापन संबोधन में अध्यक्ष श्री दिग्विजय सिंह, प्रबंधक श्री रोहित सिंह एवं प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, प्रवक्तागणों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार होती हैं और ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर होते रहेंगे। अंत में सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।