आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शुक्रवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आमजन से संवाद किया।
प्रशासनिक टीम ने पुलिस लाइन चौराहा, इंदिरा चौक, लावेला चौक, छःसड़का और सर्राफा बाजार सहित अन्य व्यस्त स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस की तैनाती की स्थिति को परखा। इस दौरान व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया और होली को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई।
इसे भी पढ़ें - एसआई परीक्षा केन्द्रों का डीएम अवनीश राय ने किया निरीक्षण
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संयुक्त रूप से शहर में लगातार फुट पेट्रोलिंग करने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा क्विक रिस्पांस टीम सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर शांति और सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इसे भी पढ़ें - बदायूँ में होली-रमजान पर शांति का संदेश, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
इस दौरान एडीएम (ई) अरुण कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल, प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस हरेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन के इस सक्रिय रुख से शहरवासियों में सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।