रामनगर ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राकेश कुमार पर लगे आरोपों की जांच बेसिक के वित्त एवं लेखाधिकारी ही करेंगे। पिछले दिनों काम का अधिक बोझ और स्टाफ कम होने का हवाला देते हुए जांच करने से इंकार कर दिया था और फाइल प्रभारी बीएसए को लौटा दी गई थी।
यह भी पढ़ें: रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 30 लाख रुपये ठगे
बीईओ ने कुछ दिन पहले दो शिक्षकों शुभम और राकेश पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए सुभाषनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद शिक्षकों ने बीईओ का रुपये लेते हुए वीडियो और एमडीएम आदि के नाम पर कमीशन मांगने का आडियो वायरल कर दिया था। मामला डीएम अविनाश सिंह के पास पहुंचा तो तत्कालीन बीएसए संजय सिंह ने बेसिक के वित्त एवं लेखाधिकारी राजेश मिश्रा को जांच सौंपी।
यह भी पढ़ें: वोगर्स फर्म मूर्ति एंटरप्राइजेज के नाम पर 1.49 करोड़ टैक्स चोरी
इसके कुछ दिन बाद बीएसए का तबादला हो गया और वित्त एवं लेखाधिकारी ने जांच करने से इंकार करते हुए बेसिक का प्रभार संभाल रहे एडी बेसिक डॉ. अजीत कुमार को जांच लौटा दी। तर्क दिया कि विभाग में कर्मचारी कम और काम का लोड अधिक है, इसलिए वह जांच नहीं कर सकते। बीएसए विनीता ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले ही चार्ज ग्रहण किया। इस प्रकरण की जानकारी मिली है। वित्त एवं लेखाधिकारी राजेश मिश्रा को फिर से जांच सौंपते हुए शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा है।