जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को 69वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेडल जीतने वाले छात्र-छात्राओं को अपने कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया। इस मौके पर डीएम नेकहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी विजेताओं को आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
यह प्रतियोगिता 14 से 17 सितम्बर तक पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मिर्जापुर में आयोजित हुई थी। अंडर-14 आयु बालिका वर्ग में यूपीएस शिवनगर भुता की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 6 की छात्रा रागिनी, कक्षा 7 की प्रियांशी, कक्षा 6 की अनुपम गौतम और कक्षा 6 की पारुल ने कांस्य पदक जीते। वहीं, कक्षा 8 की छात्रा अर्चिता सिंह ने दमदार खेल दिखाते हुए रजत पदक हासिल किया।
यह भी पढ़ें: वित्त एवं लेखाधिकारी ही करेंगे बीईओ पर लगे आरोपों की जांच
इसी श्रेणी के बालक वर्ग में भी यूपीएस शिवनगर भुता के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 7 के छात्र इंद्रजीत सिंह और कक्षा 8 के दिनेश ने कांस्य पदक अपने नाम किए, जबकि कक्षा 7 के अनुज कुमार ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।
अंडर-17 आयु वर्ग की बालिका प्रतियोगिता में जिले की छात्राओं ने मजबूती से अपना दम दिखाया। कुसुम कुमारी बालिका इंटर कॉलेज कक्षा 10 की छात्रा काजल और इस्लामिया बालिका इंटर कॉलेज कक्षा 11 की छात्रा पूजा ने रजत पदक प्राप्त किए। वहीं, अंडर-17 बालक वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज के कक्षा 9 के छात्र लव भारती ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता।
ये भी पढ़ें: प्रभारी मंत्री से बोले किसान, शहर से पकड़कर बंदर गांव में छोड़ रहे
विजयी खिलाड़ियों ने गुरुवार को अपने टीम कोच जय सिंह के साथ डीएम से मुलाकात की। डीएम ने सभी मेडलिस्ट छात्रों को सम्मानित करते हुए कहा कि जिले के युवा खेलों में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, और भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की क्षमता रखते हैं।
यह भी पढ़ें: जीआरपी ने चोरी के माल और तीन मोबाइल सहित एक दबोचा