भ्रष्टाचार के खिलाफ योगी सरकार की मुहिम जारी है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की ट्रैप टीम ने सोमवार को विपणन निरीक्षक मनीष कुमार दुबे और उसके सहयोगी अतुल गंगवार को 10 हजार रुपये की घूस लेते रंगेहाथ दबोच लिया। अतुल गंगवार एक प्राइवेट व्यक्ति है। छापामार कार्रवाई धान क्रय केंद्र कृषि उत्पादन मंडी समिति बहेड़ी परिसर में की गई।
यह भी पढ़ें: बिना अनुमति शिफ्ट कर दिए ट्रांसफार्मर और पोल, नोटिस जारी
सोमवार दोपहर करीब 1:46 बजे टीम ने जैसे ही दोनों को रिश्वत के रुपये लेते देखा तो तुरंत मौके पर घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया। आरोपी मनीष दुबे पुत्र कृष्णमोहन दुबे सम्भागीय खाद्य नियंत्रण कार्यालय बरेली में तैनात है, जबकि उसका साथी अतुल गंगवार उसके लिए अवैध वसूली में सहयोग करता था।
शिकायत पर तत्काल ट्रैप
बहेड़ी क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी सुनील कुमार पुत्र हर प्रसाद ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन कार्यालय में शिकायत दिया था। सुनील का आरोप था कि सरकारी अनाज मंडी बहेड़ी स्थित तौलघर में धान तौल कराने के नाम पर उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन की ट्रैप टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की योजना बना ली। शिकायतकर्ता के रुपये देते ही ट्रैप टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस उपमहानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक भ्रष्टाचार निवारण संगठन के निर्देश पर निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह पूरी कार्रवाई की गई। ट्रैप टीम में शामिल अधिकारियों ने मौके से पकड़ी गई रकम को सील करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ थाना देवरनिया में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
यह भी पढ़ें: लापरवाही पर 11 आशा वर्कर और एक संविदा कर्मी की सेवा समाप्त