बिजली बिल राहत योजना के अंतर्गत दिनांक 22 दिसंबर 2025 को गुलड़िया फीडर के तहत ग्राम पंचायत कथरा खगेई में एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण उपभोक्ताओं को बिजली बिल से संबंधित राहत प्रदान करना, उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना तथा योजना की जानकारी देना रहा।
इसे भी पढ़ें-दहेज उत्पीड़न से परेशान महिला ने थाने में लगाई न्याय की गुहार
कैंप में जेई प्रांजुल श्रीवास्तव की उपस्थिति में विद्युत विभाग के अन्य स्टाफ ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों द्वारा बिजली बिल की अधिकता, बकाया राशि, बिल सुधार, कनेक्शन संबंधी जानकारी और भुगतान प्रक्रिया से जुड़े सवाल रखे गए, जिनका विभागीय अधिकारियों ने सरल भाषा में समाधान किया। अधिकारियों ने बताया कि बिजली बिल राहत योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को नियमानुसार छूट और सुविधा प्रदान की जा रही है।
शिविर के दौरान ग्रामीणों में योजना को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। कैंप में लगभग 60 लोगों ने अपने बिजली बिलों का भुगतान किया, जिससे उन्हें अनावश्यक विलंब से होने वाले अतिरिक्त शुल्क से राहत मिली। विभागीय टीम ने समय पर बिल जमा करने, ऊर्जा की बचत करने और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत विभाग से संपर्क करने की अपील की।
इसे भी पढ़ें - दातागंज में विकास को रफ्तार: मझारा में नया बिजली उपकेंद्र शुरू
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही कैंप लगने से उन्हें दूर कार्यालय जाने की परेशानी से मुक्ति मिली है। इस तरह के शिविरों से न केवल पारदर्शिता बढ़ती है, बल्कि उपभोक्ताओं और विभाग के बीच विश्वास भी मजबूत होता है। विद्युत विभाग ने भविष्य में भी ऐसे कैंप आयोजित करने की बात कही, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना का लाभ मिल सके।