Friday, January 30, 2026

Badaun News :अटल स्मृति सम्मेलन में राष्ट्रसेवा और लोकतंत्र सशक्त करने का आह्वान

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 28, 2025

Badaun News :अटल स्मृति सम्मेलन में राष्ट्रसेवा और लोकतंत्र सशक्त करने का आह्वान

जागरण टुडे ,बदायूं

बदायूँ विधानसभा क्षेत्र के दि पर्ल बैंक्वेट लॉन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर अटल स्मृति सम्मेलन एवं मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान की विधानसभा कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता एवं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

इसे भी पढ़ें -मतदाता सूची शुद्धिकरण को घर-घर अभियान तेज करेगी भाजपा

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने भारतीय राजनीति को सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित की स्पष्ट दिशा दी। उन्होंने सत्ता को साधन नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम बताया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार अटल जी के विचारों को धरातल पर उतारते हुए जनकल्याण और राष्ट्र विकास में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन अटल के विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सशक्त प्रयास है।

ब्रजेश पाठक ने मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान को लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा बताते हुए कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना और अपात्र नामों को हटाना प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है। बूथ स्तर पर की गई ईमानदार मेहनत ही मजबूत संगठन और पारदर्शी लोकतंत्र की नींव रखती है।

इसे भी पढ़ें -  विधायक खेल स्पर्धा में प्रतिभाओं की चमक, विजेताओं को मिला सम्मान

केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सिद्धांतों और मूल्यों की राजनीति के प्रतीक थे। उनकी राष्ट्रवादी सोच आज भी देश को दिशा दे रही है। डबल इंजन सरकार उसी विचारधारा के अनुरूप देश और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है।

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि अटल स्मृति सम्मेलन भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता और संगठनात्मक शक्ति को मजबूत करने का माध्यम है। अटल जी के विचार कार्यकर्ताओं को राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

इसे भी पढ़ें - अटल स्मृति सम्मेलन में जनसेवा और मतदाता जागरूकता का संकल्प

जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भाजपा के प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर कार्यकर्ता सेवा और विश्वास की राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि सम्मेलन ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है और मतदाता पुनरीक्षण अभियान से हर पात्र नागरिक को लोकतंत्र से जोड़ने का संकल्प मजबूत हुआ है।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बीएल-2 और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.